सोमवार, 28 फ़रवरी 2011

एक छोटे - से शब्द की तमाम गिरहें।

बाहर होना
भर देता है भीतर की रिक्तियाँ..

'कविता समय'  से लौटते हुए ग्वालियर के बस अड्डे पर जब घर वापसी के लिए अपनी बस में सवार हुआ तो खिड़की से इस बस पर नजर पड़ी। मन मुदित हो गया। ओह ! तो इस नाचीज के नाम पर भी कोई चीज है जो चलती है! बस फोटो खीच ली उस बस की। लगा कि यात्रा  सुखद होगी । वैसे भी घर वापसी की यात्रा सुखद ही होती है - हमेशा। 



घर वापसी

अनंत आकाश के नीचे
एक छत है
जिससे दीख जाता है
अपने हिस्से का अनंत।

इस विपुला पृथिवी पर
एक बिन्दु  के हजारवें भाग
या उससे कम जगह को घेरता हुआ
एक बिन्दु है
जहाँ विश्राम पाती हैं सारी यात्रायें।

यात्राओं में
अपने आप
पीछे छूटती जाती हैं जगहें
दूरियों को काटते -पाटते हुए।

दूरियाँ बतलाती हैं
निकटताओं के विविधवर्णी अर्थ

और खुलती जाती हैं
घर जैसे
एक छोटे - से शब्द की
तमाम दृश्य - अदृश्य गिरहें।
-----------




बुधवार, 23 फ़रवरी 2011

रात हुई है मुख - पोथी पर चहल पहल है

तमाम फेसबुकिया मित्रों से क्षमा सहित और इसी दुनिया के यायावरों के  लिए आदर और प्यार के साथ एक (और)अतुकान्त तुक.. अपनी एक और कविता..




फेसबुक -२

रात हुई है
मुख - पोथी पर चहल पहल है।
उलझा - उलझा सा है कुछ - कुछ
और बहुत कुछ सहज सरल है।

जीवन है यह
इसमे बहुत मरुस्थल-ऊसर
और कहीं हरियाई लह- लह पुष्ट फसल है।

आओ थोड़ा ठीक करें चश्मे का नंबर
साफ करें धुँधलाती छवियाँ
औ' पहचानें
कहाँ अमिय है - कहाँ गरल है।

दुनिया है यह रंग बिरंगी
अच्छी भी और कुछ बेढंगी
हमको ही गढ़ना है
हमको कुढ़ना है
हमसे ही पसरेगा इसमें सन्नाटा
हमसे ही है
इसमें भरना रंग नवल है।

रात हुई है
मुख - पोथी पर चहल पहल है।
-----

(* फेसबुक -१ इसी ठिकाने पर यहाँ )

शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2011

मानो पृथ्वी का एक वैकल्पिक पर्याय

अपनी यह कविता पिछले महीने ८ जनवरी को 'अमर उजाला' के रविवासरीय 'जिन्दगी लाइव' में 'इस ठंड के आगे' शीर्षक से प्रकाशित हुई थी। अब जबकि जबकि जाड़ा जाने की तैयारी  में है और वसंत जहाँ भी , जैसा भी है अपनी धमक के संकेत दे रहा है तब एक बार ( और) इसे सबके साथ साझा करने का मन है। आइए देखते हैं...



पर्यायवाची

यह जाड़ा
यह ठंडक
यह सर्दी
यह टिपटिप करती बरसात
यही है जो पृथ्वी की उर्वरा को निचोड़कर
गेहूँ की फसल के हृदयस्थल में
जरूर ले आएगी सुडौल पुष्ट दाने।
नहरों - ट्यूबवेलों - कुओं का मीठा पानी
उनकी नसों में  तेज कर देगा रक्तसंचार।
कुदाल थामे हाथों की तपिश
दिलासा देगी कि अब दूर नहीं है वसन्त।

अगर सबकुछ  ठीकठाक रहा तो
एक दिन
खलिहानों - घरों  तक पहुंचेगा उछाह का ज्वार
प्रसन्न होंगे चक्की के पथरीले सपाट पाट
जब उनकी कोख से जन्म लेगा  उजला चमकीला आटा।

एक दिन
हाथ और जल की जुगलबन्दी से बनेगी लोई
चूल्हे की कालिख पुती काया में
दीमक लगी लकड़ियाँ भी भरपूर आँच देंगीं
और आश्चर्य की तरह
उदित होगी फूलती हई एक गोल - गोल रोटी
मानो पृथ्वी का एक वैकल्पिक पर्याय।

गुरुवार, 17 फ़रवरी 2011

एक कवि की कुटुंब कथा

इस ठिकाने पर आप अक्सर हिन्दीतर कविता विशेषकर विश्व कविता  से मेरे निजी  व अनियमित चयन के साझीदार होते रहे हैं। हिन्दी कविता पढ़ते - पढ़ते , लिखते - देखते मन होता है कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में लिखे गए / लिखे जा रहे  काव्य को कविता प्रेमियों और अध्येताओं के साथ शेयर किया किया जाय। आज इसी क्रम में प्रस्तुत है स्त्री स्वर की एक  सशक्त  प्रस्तुतकर्ता पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित अमरीकी कवि कैरोलिन कीज़र की  यह कविता। कैरोलिन  उन कवियों में से हैं जिन्होंने  प्रत्यक्षत: / परोक्षत: अपने समकालीनों पर बड़ी चुटीली कवितायें भी लिखी हैं....


कैरोलिन कीज़र की कविता


एक कवि की कुटुंब कथा 
( अनुवाद : सिद्धेश्वर सिंह )

१
मोटी जर्सी में कसी
पुष्ट देहदारी कवि की देह
एक अधेड चोर की तरह
ले रही है पंजों के  बल आश्चर्यजनक उछाल
अरे!  कहीं नन्हे पाखी रोबिन को लग तो नहीं गई चोट?

२
हंसों को दाने चुगाने  के वास्ते  झुकती है वह
घुघराली केशराशि के नीचे
प्रकट हो उठता है उसकी ग्रीवा का  उजला वक्र
उसके पति को लगता है मानो कुछ दिखा ही नहीं
जबकि उसकी कविताओं  में
वही स्त्री  कर रही  है झिलमिल - झिलमिल।

३
पूरे घर में व्याप्त है
नीरवता का  समृद्ध साम्राज्य
गुलदान में शोभायमान एक अकेले फर्न की हिलडुल
इसे किंचित भंग कर रही है अलबत्ता।
पोर्च में पसरा प्रचंड कवि
अपने आप से कर रहा है सतत वार्तालाप।